पटना। बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित कर रही है। उद्योग विभाग के अधिकारियों के अनुसार राजधानी पटना के फतुहा इंडस्ट्रियल एरिया के साथ मुजफ्फरपुर और मधुबनी इंडस्ट्रियल एरिया में नई इकाइयां लगाई जा रही हैं। इनसे राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

फतुहा इंडस्ट्रियल एरिया में स्पाइस पास्ता और सोयाबरी की यूनिट स्थापित की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक यह इकाई 7,500 वर्ग फुट में 4.22 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही है। इससे राजधानी और आसपास के लोगों को उच्चस्तरीय पास्ता और सोयाबरी के साथ रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। हाल ही में फतुहा में मेडिकल सर्जिकल उपकरण निर्माण की नई यूनिट्स की स्थापना के अलावा 73 औद्योगिक इकाइयों को 100 एकड़ से अधिक जमीन आवंटित की गई है।

उत्तर बिहार के मधुबनी जिले के लोहट फेज-1 में प्लास्टिक स्टोरेज टैंक निर्माण के लिए नई औद्योगिक इकाई बनाई जा रही है। इसके लिए बियाडा ने 2.84 करोड़ रुपये की लागत से 10,000 वर्ग फुट जमीन अधिग्रहित कर ली है। इस इकाई से मधुबनी, दरभंगा, सुपौल और आसपास के जिलों में उद्योग और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

मुजफ्फरपुर के औद्योगिक क्षेत्र में आधुनिक ब्लू सेफ वाटर प्योरिफायर और इलेक्ट्रिक गीजर निर्माण की इकाई लगाई जा रही है। बियाडा द्वारा 10,890 वर्ग फुट जमीन की स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह इकाई 3.79 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की जाएगी। इससे क्षेत्र में रोजगार बढ़ने के साथ मेड इन बिहार विजन को नई पहचान मिलने की बात कही जा रही है।