भोपाल। मध्य प्रदेश के आईएएस अधिकारी तरुण भटनागर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। निवाड़ी के कलेक्टर रहते हुए उन्होंने 22 एकड़ जमीन से जुड़े एक मामले में फैसला सुनाया था, जिस पर कई आपत्तियां आई हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राज्य सरकार अब इस मामले की जांच कराने की तैयारी में है।

तरुण भटनागर 2022 में कुछ महीनों के लिए निवाड़ी के कलेक्टर रहे थे। उनके कार्यकाल के दौरान ही यह मामला सामने आया था। आजादी से पहले के बंदोबस्त रिकॉर्ड में यह पूरी जमीन सरकारी बताई गई थी। उन्होंने जमीन के दो-तिहाई हिस्से को निजी व्यक्ति का मानते हुए फैसला सुनाया, जबकि बाकी हिस्से को सरकारी माना। एक ही मामले में दो अलग-अलग फैसलों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

मामला सामने आने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें निवाड़ी कलेक्टर के पद से हटा दिया था। अब इस मामले में विभागीय जांच की तैयारी है और जल्द कार्रवाई हो सकती है।

तरुण भटनागर 2012 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और फिलहाल इंदौर में एडिशनल कमिश्नर राजस्व के पद पर तैनात हैं। वे मूल रूप से छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं और राज्य सेवा के प्रशासनिक अधिकारी रहे हैं। मुरैना में जिला पंचायत के सीईओ भी रहे हैं। निवाड़ी में उनका कार्यकाल करीब सात महीने का रहा था। वे लेखक भी हैं और कई किताबें लिख चुके हैं।