केरल के कोल्लम जिले के पुनालूर क्षेत्र से जुड़ा एक ईसाई परिवार हिंदू धर्म अपनाने के लिए केरल हाई कोर्ट पहुंचा है। परिवार के आठ सदस्य चर्च ऑफ साउथ इंडिया (CSI) से जुड़े हैं और अपने पूर्वजों के हिंदू धर्म में वापस लौटना चाहते हैं। याचिकाकर्ता सूर्यलक्ष्मी एस के अनुसार, उनके पूर्वज हिंदू थे और कुरावा समुदाय से संबंध रखते थे। परिवार का कहना है कि उसने अपनी इच्छा से दोबारा हिंदू धर्म अपनाने का फैसला किया है।

परिवार ने 24 जून 2026 को कोट्टारक्करा स्थित श्री महागणपति मंदिर के प्रशासनिक अधिकारी के सामने आवेदन दिया था, जिसमें मंदिर में 'मत परिवर्तनम' यानी धर्म परिवर्तन की धार्मिक रस्म कराने की मांग की गई थी। परिवार का कहना है कि मंदिर प्रशासन की ओर से करीब पांच महीने तक कोई फैसला नहीं लिया गया। याचिका के अनुसार, मंदिर की सलाहकार समिति ने आवेदन खारिज नहीं किया है और कानूनी राय के लिए इसे बोर्ड को भेजा गया है, लेकिन आवेदन की स्थिति साफ नहीं है।

याचिका में संविधान के अनुच्छेद 14, 21 और 25 का जिक्र करते हुए कहा गया है कि मंदिर प्रशासन की निष्क्रियता से परिवार के धार्मिक और व्यक्तिगत अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। परिवार ने मंदिर प्रशासन की देरी को 'Heckler's Veto' बताया है और सुप्रीम कोर्ट के Shakti Vahini v. Union of India फैसले का हवाला दिया है। परिवार के अनुसार, 73 वर्षीय बुजुर्ग सदस्य सैमुअल उम्र संबंधी बीमारियों से परेशान हैं और उनकी इच्छा है कि जीवन रहते वे हिंदू धर्म में वापस लौटें और अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज से हो। याचिका में यह भी कहा गया है कि मंदिर में विधिवत धार्मिक रस्म होने से धर्म परिवर्तन का प्रमाण मिल सकेगा।

केरल हाई कोर्ट में जस्टिस देवन रामचंद्रन और जस्टिस बसंत बालाजी की खंडपीठ ने गुरुवार को मामले पर सुनवाई की और इसे आगे की सुनवाई के लिए दिसंबर में सूचीबद्ध कर दिया। अगली सुनवाई 4 दिसंबर 2026 को होनी है, जिसमें मंदिर प्रशासन और त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।