सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी पर एक युवक का कथित तौर पर अपहरण करने और उसके परिजनों से 50,000 रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगा है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपी पुलिसकर्मी और दो अन्य को पकड़ लिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात हुई। पकड़े गए पुलिसकर्मी की पहचान विवेक सिंह के रूप में हुई है, जो रैगांव थाना में पदस्थ था और पिछले छह महीने से एसपी के विशेष दस्ते 'सुपर-30' में शामिल था। 'सुपर-30' सतना एसपी द्वारा गठित एक विशेष पुलिस दस्ता है।
एक कार एजेंसी में सुपरवाइजर के पद पर तैनात पीड़ित ऋषभ सिंह (38) के पिता नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि देर रात उनका बेटा मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था, तभी माधवगढ़ के पास आरोपियों ने उसे रोक लिया। उनके मुताबिक आरोपियों ने चाकू से पैर पर वार कर ऋषभ को घायल कर दिया और फिर कुछ दूर स्थित एक बगीचे में बंधक बना लिया तथा उनसे 50,000 रुपये की फिरौती मांगी। वकील नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि इसी दौरान वह कुछ स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हो गए।
रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि लोगों द्वारा पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिसकर्मी विवेक सिंह और दो अन्य आरोपियों को पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है। चतुर्वेदी के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल के साथ ही अपहरण के संभावित स्थानों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों की भूमिका और अपहरण की मंशा जांच के बाद स्पष्ट होगी।
