पटना में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने भू-माफिया सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ और स्थानीय थाना पुलिस की मदद से उसे बेली रोड से पकड़ा गया। वहीं, उसकी पत्नी सुनीता कुमारी को बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित मां सुखिया महल अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 406 से हिरासत में लिया गया है।

टीम ने फ्लैट की तलाशी के दौरान 19 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। फिलहाल आर्थिक अपराध इकाई की टीम दोनों को अपने कार्यालय में रखकर पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी सुरेंद्र कुमार सुमन की संपत्ति और आय के स्रोतों की पड़ताल कर रही है। बता दें कि भगत यादव का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तारी के बाद उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक भगत यादव के पास से आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने 76 से ज्यादा संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों को बरामद किया है। टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। कागजात की जांच की जा रही है। टीम के मुताबिक भू-माफिया ने जांच एजेंसियों से बचने के लिए कई संपत्ति को अपने करीबियों के नाम से लिया था। उसके अलावा बोधगया के बजौरा और डोभी में भी भगत यादव पर पहले से जमीन विवाद के कई मामले दर्ज थे।

सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव पर 23 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। भगत यादव का आरजेडी से करीबी रिश्ता रहा है। उनकी पत्नी सुनीता देवी डोभी की प्रखंड प्रमुख भी हैं। जांच एजेंसी ने गयाजी के डोभी आवास से बेटे मनु यादव को भी हिरासत में लिया है। उससे भी आर्थिक लेन-देन के मामले की जानकारी ली जा रही है।