महाराष्ट्र के पुणे स्थित लाल महल का इतिहास छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन से जुड़ा है। पुणे जिला प्रशासन की वेबसाइट के अनुसार, 1630 में शिवाजी महाराज के पिता शाहजी भोसले ने अपनी पत्नी जीजाबाई और बेटे शिवाजी के रहने के लिए इस महल की स्थापना करवाई थी। शिवाजी महाराज ने अपने जीवन के शुरुआती कई साल इसी महल में बिताए। आगे चलकर यही जगह मराठा और मुगल संघर्ष की एक बड़ी घटना की गवाह बनी।
17वीं सदी में दक्कन क्षेत्र पर नियंत्रण को लेकर मुगलों और शिवाजी महाराज के बीच संघर्ष चल रहा था। इसी दौरान मुगल शासक औरंगजेब ने अपने सेनापति शाइस्ता खां को मराठा शक्ति पर लगाम लगाने के लिए दक्कन भेजा था। महाराष्ट्र राज्य गजेटियर के पूना जिला इतिहास के अनुसार, शाइस्ता खां ने 1662 में पुणे पर अधिकार किया और अगले साल लाल महल में रहने लगा था।
मुगल सेना की मौजूदगी के बीच शिवाजी महाराज ने शाइस्ता खां पर अचानक हमला करने की योजना बनाई। 5 अप्रैल 1663 की रात शिवाजी महाराज ने लगभग 200 सैनिकों के साथ पुणे में मुगल ठिकाने पर धावा बोला। यह हमला गोपनीय रखा गया था। मराठा सैनिकों ने ऐसी रणनीति अपनाई कि वे मुगल सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर शाइस्ता खां के निवास तक पहुंच गए। अचानक किए गए हमले और स्थानीय रास्तों की जानकारी ने इसमें अहम भूमिका निभाई।
रात के अंधेरे में मराठा सैनिक लाल महल के भीतर दाखिल हुए और मुगल खेमे में अफरा-तफरी मच गई। incredibleindia.gov.in पर जानकारी के अनुसार, शाइस्ता खां ने छिपकर शिवाजी को मारने की कोशिश की, लेकिन शिवाजी ने उसका डटकर सामना किया। जब शाइस्ता खां को लगा कि वह जीत नहीं सकता तो उसने एक खिड़की से भागने की कोशिश की और इसी दौरान शिवाजी ने उसकी उंगलियां काट दीं। इस घटना के बाद औरंगजेब ने शाइस्ता खां को दक्कन से हटाकर बंगाल भेज दिया; दिसंबर 1663 में उसका स्थानांतरण किया गया। इसके बाद शिवाजी महाराज ने 1664 में सूरत पर भी हमला किया था।
आज पुणे के मध्य में स्थित लाल महल एक ऐतिहासिक स्मारक के रूप में जाना जाता है। हालांकि, वर्तमान में दिखाई देने वाली इमारत मूल लाल महल नहीं है। मूल इमारत खंडहर में बदल गई थी और बाद में दोबारा निर्माण कराया गया। पुणे नगर निगम ने 1988 में इसका पुनर्निर्माण कराया था। यहां शिवाजी महाराज और जीजाबाई से जुड़ी कलाकृतियां और ऐतिहासिक चित्र भी देखने को मिलते हैं।
