गुजरात के बनासकांठा ज़िले के वडगाम तालुका के डालवाणा गांव में एक भैंस ने दो मुंह (सिर) वाले बच्चे को जन्म दिया है। गांव के पशुपालक बाबूजी ठाकोर की भैंस ने इस बच्चे को जन्म दिया, जिसका शरीर एक है लेकिन दो सिर हैं। ख़बर फैलने के बाद आसपास के गांवों से लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं और स्थानीय स्तर पर कुछ लोग इसे 'कुदरत का चमत्कार' बता रहे हैं।

हालांकि, पशु चिकित्सक इसे चमत्कार नहीं मानते। पशु चिकित्सक रमेश पटेल के अनुसार, गर्भ के शुरुआती विकास के दौरान, ख़ासकर गाय या भैंस में 13वें या 14वें दिन कोशिकाओं का विभाजन होता है। अगर यह प्रक्रिया बीच में रुक जाती है, तो एक ही शरीर में दो सिर या दो चेहरे वाले जीव का जन्म हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में भी कोशिका विभाजन रुकने की वजह से दो बच्चे अलग होने के बजाय आपस में जुड़ गए और उनके दो मुंह हो गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें किसी तरह के अंधविश्वास या अफ़वाह की ज़रूरत नहीं है और विज्ञान की भाषा में यह सामान्य बात है।

गांधीनगर के सरकारी पशु अस्पताल के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जिगर कंसारा ने कहा कि कोशिका विभाजन पूरी तरह नहीं होने से ऐसी स्थिति पैदा होती है, जिसे वैज्ञानिक भाषा में 'डाइसेफेलिक हेड' कहा जाता है। उनके मुताबिक़, ऐसे ज़्यादातर मामलों में दो सिर वाले जानवर जन्म के कुछ ही समय बाद मर जाते हैं और बच भी जाएं तो पूरी तरह विकसित नहीं हो पाते।

दो सिर वाले बच्चे के मालिक चंदाजी बाबूजी ठाकोर ने बताया कि बच्चे का जन्म सामान्य तरीके से हुआ था, लेकिन इसे देखकर वे हैरान रह गए। उन्होंने कहा कि ख़बर फैलने के बाद खेरालू, विसनगर और पालनपुर जैसे दूर-दराज़ के इलाक़ों से भी लोग इसे देखने आ रहे हैं। उनका मानना है कि यह कुदरत का चमत्कार है।