सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारत में चुनाव जीतने के फॉर्मूले को लेकर एक लेख लिखा है। इसमें उन्होंने कहा है कि कई लोगों को लगता है कि वोट चोरी के खुलासे के बाद सत्ताधारी भाजपा को यूपी विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा, लेकिन वह इस बात से सहमत नहीं हैं। उन्होंने लिखा है कि रामजन्मभूमि आंदोलन और अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिराए जाने की घटना ने 2014 में भाजपा को सत्ता में पहुंचाया और तब से वह वहीं है।

काटजू ने आगे लिखा है कि इसी तरह हाल ही में यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मथुरा में शाही ईदगाह मस्जिद को लेकर विवाद खड़ा हो गया है और उन्हें हैरानी नहीं होगी अगर जल्द ही कृष्णजन्मभूमि आंदोलन शुरू हो जाए। उनके मुताबिक, इसका नतीजा यूपी चुनाव से ठीक पहले मस्जिद को गिराना हो सकता है और आरोप लगाया जा सकता है कि इसे उसकी जगह पर हिंदू केशवदेव मंदिर को तोड़कर बनाया गया था। उन्होंने बताया कि कुछ हिंदुओं के केस पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मथुरा मस्जिद का सर्वे करने और वहां खुदाई करके एक हिंदू मंदिर के बचे हुए हिस्से ढूंढने का ऑर्डर दिया है, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने भी सही ठहराया है। आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (ASI) ने कहा है कि मुगल बादशाह औरंगजेब के उस जगह पर बने एक हिंदू मंदिर को गिराने के बाद वहां मस्जिद बनाई गई थी।

पूर्व जज ने लिखा है कि यूपी की लगभग 80 फीसदी आबादी हिंदू है और उनमें से कई शाही ईदगाह मस्जिद गिराए जाने का जश्न मनाएंगे और इसे हिंदुओं की एक बड़ी जीत मानेंगे। उनके अनुसार, लोग इसे गुजरात में महमूद गजनवी द्वारा सोमनाथ मंदिर और दूसरे हिंदू मंदिरों को गिराए जाने का बदला मानेंगे और आने वाले यूपी चुनावों में भाजपा को वोट देंगे। काटजू ने कहा है कि वोट चोरी की बातों के बावजूद, बढ़ती बेरोजगारी और जरूरी चीजों की बढ़ती कीमतों के बावजूद, उन्हें इस इमोशनल माहौल में आने वाले यूपी चुनावों में भाजपा की भारी जीत दिख रही है।

काटजू ने अपने लेख में आगे लिखा है कि सिर्फ यूपी चुनाव में ही क्यों, भारत में 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों में ज्यादातर आबादी हिंदू है और किसी न किसी राज्य में चुनाव होते रहते हैं या उनकी तैयारियां चल रही होती हैं। उन्होंने दावा किया है कि चुनाव जीतने का फॉर्मूला ढूंढ लिया गया है और हो सकता है कि हर जगह यह लागू भी किया जाए। उन्होंने यह भी दावा किया है कि लोकसभा चुनाव 2029 में होने वाले हैं और उन्हें हैरानी नहीं होगी अगर दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद को ठीक उसके पहले गिरा दिया जाए। उनके मुताबिक, यह मांग भाजपा के पूर्व सांसद साक्षी महराज कर चुके हैं।