अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को 'कौन बनेगा करोड़पति' से जुड़े एक वायरल वीडियो को लेकर कानूनी नोटिस भेजा गया है। पंजाब के संगरूर के वकील इंद्रजीत अरोड़ा का आरोप है कि वीडियो में पूछा गया सवाल राज्य की नकारात्मक छवि पेश करता है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक अरोड़ा ने कथित तौर पर यह वीडियो तब देखा जब एक ग्राहक स्क्रीनशॉट और क्लिप के साथ उनके पास आया। क्लिप में कथित तौर पर अमिताभ बच्चन एक प्रतियोगी से 12 लाख 50 हजार रुपये के लिए यह सवाल पूछते दिखाई दे रहे हैं कि किस राज्य में अपराधियों ने बिना किसी डर के पुलिस थाने पर बम हमला किया था।

वकील ने इस सवाल की प्रासंगिकता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसका मकसद सामान्य ज्ञान जांचना नहीं, बल्कि किसी खास राज्य की छवि खराब करना है। उन्होंने कहा कि यह सीधे तौर पर किसी राज्य को बदनाम करने की कोशिश है। अरोड़ा ने वीडियो को राष्ट्रीय मीडिया से तुरंत हटाने की मांग की है और कहा है कि अगर यह शो के किसी असली एपिसोड का हिस्सा है तो अमिताभ बच्चन और संबंधित टीवी चैनल को बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने स्पष्टीकरण मांगते हुए दोनों को कानूनी नोटिस भेजा है।

हालांकि वीडियो की सत्यता की अभी जांच होना बाकी है। इसे एआई वीडियो भी बताया जा रहा है। चैनल की तरफ से स्पष्टता आने पर ही इसकी जांच हो पाएगी।