केरल में सोशल मीडिया पर प्रमोट की गई एक फेयरनेस क्रीम इस्तेमाल करने के बाद 17 साल की एक लड़की को किडनी की गंभीर समस्या हो गई है। लड़की के बयान के आधार पर पुलिस ने क्रीम बनाने वाली कंपनी और उसे बेचने वाले के खिलाफ मिलावट, धोखाधड़ी और लोगों की जान को खतरे में डालने के आरोप में केस दर्ज किया है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी जानते थे कि क्रीम में इस्तेमाल होने वाली चीजें इंसान की जान के लिए खतरनाक हो सकती हैं, फिर भी उन्होंने इसे बनाकर बाजार में बेचा। क्रीम का विज्ञापन इंस्टाग्राम पर किया गया था, जिसमें दाग-धब्बे, डार्क स्पॉट और पिगमेंटेशन कम करने का दावा किया गया था।

लड़की ने बताया कि उसने करीब एक साल तक लगातार यह क्रीम लगाई। शुरुआत में उसे लगा कि क्रीम काम कर रही है, क्योंकि उसके चेहरे के पिंपल्स जल्दी ठीक होने लगे। इसी वजह से उसने इस्तेमाल बंद नहीं किया, लेकिन कुछ समय बाद उसकी सेहत खराब होने लगी। कई महीनों तक इलाज चला और परिवार को इलाज पर करीब 1 लाख रुपये खर्च करने पड़े। लड़की ने एक वीडियो स्टेटमेंट में कहा कि क्रीम के पैकेट पर सिर्फ दुबई का पता लिखा था और इंग्रीडिएंट्स में हल्दी व दूसरी नेचुरल चीजों का जिक्र था, मरकरी का कहीं उल्लेख नहीं था। उसने कहा कि अगर उसे पता होता कि इसमें मरकरी मिलाया जा रहा है, तो वह इसे कभी इस्तेमाल नहीं करती। लड़की ने बताया कि कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने क्रीम का प्रचार किया था, लेकिन वह किसी खास व्यक्ति को टारगेट नहीं करना चाहती, इसलिए नाम नहीं बता रही।

शुरुआत में डॉक्टरों की जांच में कोई बड़ी समस्या नहीं निकली, बाद में लड़की के पैरों में सूजन आने लगी। यूरिन टेस्ट में पता चला कि उसके यूरिन के जरिए एल्ब्यूमिन (प्रोटीन) बाहर निकल रहा है। इलाज कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक, लगभग एक साल तक क्रीम इस्तेमाल करने के बाद लड़की को किडनी की गंभीर बीमारी हो गई। क्रीम की लैब टेस्टिंग में 12500 पार्ट्स प्रति मिलियन (PPM) मरकरी पाया गया, जबकि सुरक्षा सीमा 1 PPM से कम है। डॉक्टरों ने कहा कि बीमारी अभी शुरुआती स्टेज में है और अगले एक से दो साल में इलाज से ठीक हो सकती है, लेकिन देर से पता चलने पर किडनी को हमेशा के लिए नुकसान हो सकता था।

लड़की ने ऐसी फेयरनेस क्रीम इस्तेमाल कर रहे लोगों से अपील की है कि वे इसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें। उसने कहा कि कई लोगों को घर पर बताने में शर्म या डर लग सकता है, लेकिन स्वास्थ्य समस्या होने पर परिवार को जरूर बताएं और डॉक्टर के पास जाएं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) और 318(2), ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 27ए(आई) और केरल पुलिस एक्ट की धारा 118(ई) के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जांच के बाद ही आगे कुछ बताया जाएगा। फिलहाल लोगों से ऐसे क्रीम का उपयोग नहीं करने की अपील की गई है।