बिहार के मधुबनी जिले में बिस्फी थाना क्षेत्र के छछुआ निवासी मो. आसिफ के बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से 10 लाख 30 हजार रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। आवेदन के अनुसार, 22 जनवरी 2026 से बिना जानकारी और अनुमति के खाते से अलग-अलग लेनदेन के जरिए राशि कटती रही, लेकिन पीड़ित को इसकी भनक नहीं लगी। बैंक में खाते की जांच कराने पर धोखाधड़ी का पता चला। मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसमें राशि वापस दिलाने और जिन खातों में पैसा भेजा गया है, उन्हें तत्काल होल्ड कराने की मांग की गई है।
पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस बैंक स्टेटमेंट, यूपीआई ट्रांजेक्शन आईडी और राशि प्राप्त करने वाले बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है। संबंधित मोबाइल नंबरों की भी जांच की जा रही है, ताकि ठगी में शामिल लोगों की पहचान हो सके। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि राशि किन खातों में भेजी गई और उन खातों में कितनी रकम शेष है। उपलब्ध राशि को होल्ड कराने की प्रक्रिया भी जांच का अहम हिस्सा है।
घटना के बाद साइबर ठगी को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। खाते से होने वाली छोटी रकम की अनधिकृत निकासी को भी गंभीरता से लें और तत्काल बैंक तथा साइबर थाना को सूचना दें।
