लखनऊ में शनिवार को कई प्रमुख चौराहों पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के दिग्गज नेता आजम खान के खिलाफ पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों में दोनों नेताओं की तस्वीरों पर लाल रंग से क्रॉस का निशान बनाया गया है। पोस्टर में अखिलेश यादव की तस्वीर के नीचे 'दंगे के समय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश' और आजम खान की तस्वीर के नीचे 'दंगे के समय प्रभारी मंत्री, मुजफ्फरनगर' लिखा गया है। इन पोस्टरों के जरिए सपा के शीर्ष नेतृत्व को सीधे तौर पर मुजफ्फरनगर दंगों के लिए जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की गई है। पोस्टर में निवेदक के तौर पर किसी व्यक्ति का नाम नहीं, बल्कि 'समस्त अब्दुल समाज' लिखा गया है।

लखनऊ में लगे इन पोस्टरों को यूपी में चल रही 'अब्दुल' केंद्रित सियासत की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। बीते 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त रैली में भी यही मुद्दा केंद्र में रहा था। उस रैली में 'दलित का बेटा सीएम और अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा' जैसे होर्डिंग्स लगे थे।

रैली में ओवैसी ने मंच से मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव को घेरा था और कहा था कि 'अब अब्दुल सिर्फ दरी नहीं बिछाएगा'। इसके ठीक दो दिन बाद लखनऊ के चौराहों पर 'समस्त अब्दुल समाज' के नाम से अखिलेश यादव और आजम खान के खिलाफ पोस्टर लगने से प्रदेश का सियासी पारा और चढ़ गया है। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में ये सियासी पोस्टर चर्चा का विषय बने हुए हैं।