महाराष्ट्र सरकार भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक तथा संगठित धांधली रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रही है। राज्य सरकार द्वारा भर्ती और प्रतियोगी परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए गठित उच्च-स्तरीय समिति की दूसरी रिपोर्ट में इससे जुड़े कड़े प्रावधानों का प्रस्ताव किया गया है। रिपोर्ट 23 नवंबर, 2026 को सरकार को सौंपी गई थी।
सिफारिशों के अनुसार परीक्षाओं से जुड़े संगठित अपराधों में शामिल लोगों को 7 से 10 साल तक की जेल, कम से कम 10 करोड़ रुपए का जुर्माना और संपत्ति जब्ती का प्रावधान प्रस्तावित है। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का उपयोग करते पाए जाने वाले उम्मीदवारों और अन्य व्यक्तियों के लिए 5 से 10 साल की जेल और 50 लाख रुपए तक के जुर्माने का प्रस्ताव है। गड़बड़ी करने वाली एजेंसियों पर 5 करोड़ रुपए तक का जुर्माना और 8 साल तक परीक्षा गतिविधियों में भाग लेने पर रोक की सिफारिश की गई है।
समिति ने परीक्षा अपराधों की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कराने, गंभीर मामलों के लिए विशेष कार्यबल (एसटीएफ) बनाने और त्वरित सुनवाई के लिए विशेष अदालतों की सिफारिश की है। उम्मीदवारों को परीक्षा फीस पूरी तरह वापस करने तथा अस्थायी उत्तर कुंजी पर सही पाई गई आपत्तियों की फीस लौटाने का भी प्रस्ताव है। अगले साल का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर हर साल अक्टूबर तक घोषित करने का सुझाव दिया गया है।
रिपोर्ट में आधार या ‘महा-आईडी’ से एक बार पंजीकरण, परीक्षा गतिविधियों की निगरानी के लिए त्रि-स्तरीय ‘कमांड एंड कंट्रोल सेंटर’, एकीकृत मांग-पत्र पोर्टल और हर जिले में कलेक्टर की देखरेख में अलग परीक्षा शाखा तथा ‘वेन्यू बैंक’ बनाने की सिफारिश की गई है। साइबर खतरों को देखते हुए समर्पित प्रौद्योगिकी एवं साइबर सिक्योरिटी सेल बनाने का प्रस्ताव भी है। समिति का गठन 4 सितंबर, 2026 को किया गया था। सिफारिशों को स्वीकार कर लागू किए जाने पर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुरक्षा बढ़ने की उम्मीद है।
