असम के कछार जिले में बांग्लादेश सीमा के पास 23 नवंबर को मवेशी तस्करों का पीछा करते समय बीएसएफ के कांस्टेबल के. वेणु लापता हो गए थे। बुधवार तड़के उनका शव करीमगंज की कुशियारा नदी से बरामद किया गया।

बीएसएफ को 23 नवंबर को सूचना मिली थी कि चार अज्ञात लोग हरिनगर सीमा क्षेत्र से मवेशियों की तस्करी करने की कोशिश कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव और कांस्टेबल वेणु ने तस्करों को रोकने की कोशिश की। चुनौती दिए जाने पर तस्कर भागने के लिए नदी में कूद गए और जवान भी उनका पीछा करते हुए पानी में उतर गए। जितेंद्र यादव सुरक्षित वापस आ गए, लेकिन वेणु लापता हो गए।

लापता कांस्टेबल की तलाश के लिए बीएसएफ और एसडीआरएफ ने अभियान चलाया। पहले संभावना जताई गई थी कि कांस्टेबल बांग्लादेश की सीमा में चले गए होंगे। इस संबंध में मंगलवार को बीएसएफ और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के बीच कमांडेंट स्तर की बैठक भी हुई थी।

बीएसएफ अधिकारियों के अनुसार, बुधवार तड़के वेणु का शव श्रीभूमि जिले में स्टीमरघाट के पास कुशियारा नदी में तैरता हुआ मिला, जिसे वहां से निकाल लिया गया। नदी का बीच का हिस्सा भारत और बांग्लादेश के बीच की अंतरराष्ट्रीय सीमा है।