रेवाड़ी में जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) की टीम ने बुधवार को रेवाड़ी और जाटूवास में बिना अनुमति के विकसित हो रही दो अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की कार्रवाई की। लगभग सात एकड़ में फैली इन कॉलोनियों में पांच चारदीवारी और कच्चे रोड नेटवर्क को ढहाया गया। जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में पुलिस प्रशासन की सहायता से यह कार्रवाई की गई।

डीटीपी की ओर से अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। इस कार्रवाई से भूमाफियाओं में भय बना हुआ है।

जिला नगर योजनाकार नरेंद्र नैन ने आमजन से अनुरोध किया है कि नियंत्रित क्षेत्र या शहरी क्षेत्र में कोई भी अवैध निर्माण न करें। उन्होंने कहा कि प्लॉट खरीदने से पहले कार्यालय से उस कॉलोनी की वैधता के बारे में सुनिश्चित करें, ताकि विभागीय कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके। किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले सरकार के नियमानुसार अनुमति लेनी चाहिए।

डीटीपी ने कहा कि अवैध कॉलोनी काटने वाले प्रॉपर्टी डीलर आमजन को झूठे सब्जबाग दिखाकर खाली भूमि पर प्लॉट बेच देते हैं। इसका पता सामान्य जनता को तब चलता है, जब उस स्थल पर अवैध निर्माण शुरू करने पर कार्रवाई की जाती है।