इस्लामाबाद में शुक्रवार को मक्का संयुक्त रक्षा समझौते की रणनीतिक राजनीतिक और रक्षा समिति की दूसरी बैठक हुई। इसमें पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। तीनों देशों ने 7 अगस्त को इस समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें बाहरी हमले से साझा सुरक्षा का प्रावधान है। यह बैठक ऐसे समय हुई जब यमन के हूतियों ने सऊदी अरब पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। हालांकि पाकिस्तान और तुर्की ने हूतियों के खिलाफ सऊदी के मोहम्मद बिन सलमान का सीधा साथ देने के संकेत नहीं दिए हैं।
बैठक में सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रमों की समीक्षा की गई और सामूहिक रक्षा तथा आपसी एकजुटता के संकल्प को दोहराया गया। पैक्ट के सदस्य देशों ने एक राय से सऊदी अरब में नागरिकों और बुनियादी ढांचे पर हूतियों के हमलों की निंदा की। सऊदी अरब के रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान, तुर्की के विदेश मंत्री हकान फिदान और रक्षा मंत्री यासर गुलर बैठक के लिए पाकिस्तान में हैं। बैठक का अगला दौर तुर्की में होगा।
सऊदी विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा घटनाक्रमों की समीक्षा की गई और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा तथा स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए तीनों देशों की मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। समिति ने 31 अगस्त को इस्तांबुल में हुई अपनी पहली बैठक और 5 अक्टूबर को रियाद की आपात बैठक के नतीजों की समीक्षा की। इन बैठकों में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन में हुई प्रगति पर भी चर्चा हुई, जिसमें गठबंधन के संस्थागत ढांचे और तीनों देशों के राष्ट्रीय कानूनों के अनुरूप सामूहिक रक्षा प्रतिबद्धताओं को व्यावहारिक रूप से लागू करने से जुड़े निर्णय शामिल थे।
समिति ने सऊदी अरब में नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर हूतियों की ओर से किए जा रहे हमलों की कड़ी निंदा की। तीनों देशों ने समझौते के सामूहिक रक्षा प्रावधानों के अनुसार सऊदी अरब की सुरक्षा के लिए अपने संयुक्त प्रयासों को और तेज करने का संकल्प लिया। सदस्य देशों ने रक्षा उद्योगों, संयुक्त तकनीकी विकास, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने की बात कही। सऊदी रक्षा मंत्री खालिद बिन सलमान ने ट्विटर पर बताया कि उन्होंने इस्लामाबाद में मक्का डिफेंस अलायंस के तहत इस बैठक में तुर्की के रक्षा मंत्री, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और आर्मी चीफ से मुलाकात की। इस दौरान सुरक्षा को बढ़ावा देने और रक्षा क्षमताओं को बढ़ाने में इस गठबंधन की भूमिका पर चर्चा हुई।
