प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि जिनके पास स्किल है, उनका रोजगार कोई AI नहीं छीन सकता। वे शनिवार को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए और वहां देशभर से आए 52 नेशनल टॉपर्स को सम्मानित किया। पीएम मोदी एक ही दिन में तीन राज्यों के दौरे पर रहे, जिनमें पश्चिम बंगाल और बिहार भी शामिल हैं।
क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने शनिवार को भाजपा जॉइन की। उन्हें पार्टी की नई नेशनल OBC मोर्चा कार्यकारिणी में ‘स्पेशल इनवाइटी’ बनाया गया है। भाजपा ने OBC मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नियुक्ति की है, जिसमें 7 उपाध्यक्ष, 3 राष्ट्रीय महामंत्री, 7 राष्ट्रीय सचिव और 37 राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य बनाए गए हैं। स्पेशल इनवाइटी का मतलब ऐसे नेता से है जो कार्यसमिति का स्थाई सदस्य नहीं है, लेकिन उनका नाम विशेष लिस्ट में होता है। इन्हें बैठक में बैठने, बोलने और सुझाव देने का अधिकार होता है, लेकिन आमतौर पर पार्टी के भीतरी चुनावों में वोटिंग का अधिकार नहीं होता। चहल ने इसी साल 2 अक्टूबर को फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्याय लिया था और इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इसकी घोषणा की थी। उन्होंने साफ किया था कि वे वनडे और टी-20 क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे।
बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की देश वापसी की चर्चा के बीच हिंसक घटनाएं जारी हैं। नराइल जिले में हसीना की पार्टी अवामी लीग के नेताओं, पूर्व सांसदों और समर्थकों के करीब 50 घरों और दुकानों में आग लगा दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक 15 नवंबर को हसीना के गृह जिले गोपालगंज में अवामी लीग के समर्थकों ने रैली निकाली और BNP के दफ्तरों, नेताओं के घरों और दुकानों में तोड़फोड़ के लिए अवामी लीग को जिम्मेदार ठहराया गया। 17 नवंबर को गोपालगंज के तुंगीपाड़ा पुलिस थाने पर हमला हुआ और उसी रात BNP सांसद के घर में भी आग लगाई गई। पुलिस के मुताबिक अवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तार नेताओं को छुड़ाने के लिए थाने पर हमला किया था।
18 नवंबर को चटगांव में अंतरिम सरकार के पूर्व प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आग लगा दी गई। 19 नवंबर को गोपालगंज में पुलिस थाने, ग्रामीण बैंक की शाखा और कई घरों में आग लगाई गई तथा थाने में खड़े करीब 20 वाहन भी जलाए गए। 20 नवंबर को सिलहट में विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के घर में आग लगाई गई और कबीर ने इसके लिए अवामी लीग को जिम्मेदार ठहराया।
