नागपुर में पिछले सप्ताह कार से 3.74 करोड़ रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने मध्य प्रदेश से 3.28 करोड़ रुपये बरामद किए हैं और तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, बरामद नकदी मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के डोरली माल गांव के एक खेत से मिली है।

लूट की वारदात 18 नवंबर को रात करीब 1:30 बजे नागपुर के शांतिनगर थाना क्षेत्र के तुलसी नगर में हुई थी। चार से पांच नकाबपोश लोगों ने एक कार में सवार लोगों पर हमला किया और 3.74 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गए थे। पुलिस के मुताबिक, लूटी गई नकदी प्लास्टिक की तीन बोरियों में भरी थी, जिन्हें खेत में पुआल के ढेर के नीचे छिपाया गया था। मध्य प्रदेश में पांच दिनों तक चले जांच और तलाशी अभियान के बाद यह रकम बरामद हुई।

एक अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर आरोपियों का पता कटंगी और वारासिवनी की ओर चला। करीब तीन दिनों तक तलाशी अभियान चलाने के बाद टीम डोरली माल गांव पहुंची। पुलिस ने अरविंद डहरवाल, रजनीकांत चंद्रवाल और चंद्रकांत दिनेश बघेल को गिरफ्तार किया।

अधिकारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान अरविंद ने नकदी छिपाने में अपनी भूमिका स्वीकार की और पुलिस टीम को खेत तक ले गया। अरविंद के साले शुभम और अन्य लोगों ने उससे लूटी गई रकम छिपाने के लिए संपर्क किया था। अरविंद ने पहले इससे इनकार किया था, लेकिन बाद में आर्थिक लाभ का लालच दिए जाने पर वह राजी हो गया। रजनीकांत और चंद्रकांत ने कथित तौर पर गिरोह की गाड़ी गांव में खड़ी करने में मदद की थी। अधिकारी ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी अभी गिरफ्तार नहीं हुए हैं और पुलिस आगे की जांच कर रही है।