स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआइ) की राज्यस्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता में नालंदा ने विजेता कप अपने नाम किया। जिले के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण सहित कुल पांच पदक जीतकर राज्यस्तरीय फाइनल में पहला स्थान हासिल किया। जिला साइकिलिंग एसोसिएशन के सचिव सह प्रबंधक प्रमोद कुमार ने बताया कि ओवरऑल पटना प्रमंडल 31.9 स्कोर के साथ 22 जिलों में शीर्ष पर रहा। प्रतियोगिता पटना के जेपी गंगा पथ पर आयोजित हुई।
सरमेरा प्रखंड के कोतरा निवासी मितलेश प्रसाद की पुत्री और नौवीं की छात्रा रागिनी कुमारी ने दो स्वर्ण पदक जीते। उन्होंने प्रमंडल की ओर से 12 किलोमीटर रेस और राज्यस्तरीय मुकाबले में सात किलोमीटर रेस में पहला स्थान हासिल किया। रागिनी ने नेशनल मैच के लिए राज्यस्तर पर चुने गए 20 खिलाड़ियों की सूची में भी शीर्ष स्थान पक्का किया।
चंडी प्रखंड के कन्हैयागंज की दसवीं की छात्रा सुरुचि कुमारी ने 24 किलोमीटर रेस में तीसरा स्थान पाकर कांस्य पदक जीता। चंडी के खरजमा निवासी अंजली कुमारी और परवलपुर के सोनू कुमार ने भी कांस्य पदक हासिल किए।
प्रमोद कुमार ने कहा कि चारों खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास और अनुशासन से यह सफलता पाई है। उन्होंने कहा कि जिले में साइकिलिंग प्रतिभाओं को सही मंच और मार्गदर्शन देने की जरूरत है। नालंदा साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय, संयुक्त सचिव रिंकू कुमारी, कोच अभिषेक कुमार और कुंदन कुमार पांडे, चंडी के रुद्रा फिजिकल ट्रेनिंग सेंटर के साजन कुमार और पुरुसोत्तम कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई दी। एसोसिएशन ने सहयोग के लिए जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष और चंडी पश्चिमी क्षेत्र की जिला पार्षद पिंकी कुमारी तथा उनके पति, सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम कुमार की सराहना की।
