गया की रहने वाली छोटी कुमारी ने मेघालय के शिलांग में आयोजित एनटीपीसी सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप की इंडियन राउंड टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। सीनियर महिला वर्ग में कम उम्र में यह पदक हासिल करना उनकी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

रविवार को गया लौटने पर छोटी कुमारी का गया कॉलेज खेल परिसर के मगध आर्चरी फाउंडेशन के ग्राउंड में स्वागत और सम्मान किया गया। बीएसएसए के तीरंदाजी कोच जय प्रकाश और फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष अंजय कुमार ने उन्हें सम्मानित किया। मौजूद खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने उनकी सफलता पर खुशी जताई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सीनियर महिला वर्ग की प्रतियोगिता में उतरना अपने आप में चुनौतीपूर्ण माना जाता है। ऐसे में कम उम्र में इस वर्ग की इंडियन राउंड टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल करना छोटी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस सफलता से जिले के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।

जिला खेल पदाधिकारी नेहा कुमारी और मगध आर्चरी फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. रतन कुमार ने छोटी कुमारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।