कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रविवार को GTA-6 गेम खेलते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने नोटबंदी की तुलना "बिना ऑटो वाली एक बड़ी चोरी" से की। थरूर ने कहा कि GTA-6 के नए वर्जन को आने में 13 साल लग गए और इस दौरान भारत में अभिव्यक्ति की आजादी में कमी देखी गई है। उन्होंने कहा कि ज्यादा लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि कहीं सरकार को उनकी बातें पसंद न आएं।
थरूर ने बताया कि उन्होंने पहली बार वीडियो गेम खेला है। उनके बच्चे 'डंजन्स एंड ड्रैगन्स' जैसे बोर्ड गेम खेलते थे और परिवार किताबें पढ़ने में ज्यादा समय बिताता है। उन्होंने बच्चों के लिए प्लेस्टेशन-1 खरीदा था, लेकिन बाद के आधुनिक गेमिंग डिवाइस उनके बच्चों के जीवन का हिस्सा नहीं रहे। GTA-6 खेलते हुए उन्हें किरदार को नियंत्रित करने और गाड़ी चलाने में परेशानी हुई। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह गेम में सिर्फ जिंदा रहने की कोशिश कर रहे हैं। थरूर ने सवाल उठाया कि क्या भारतीय परिवेश पर आधारित गेम विदेशों में भी लोकप्रिय हो सकते हैं।
GTA यानी 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो' दुनिया की सबसे मशहूर और सबसे ज्यादा बिकने वाली वीडियो गेम सीरीज है, जिसे अमेरिकी कंपनी रॉकस्टार गेम्स ने 1996-97 में तैयार किया था। यह एक 'ओपन-वर्ल्ड एक्शन-एडवेंचर' गेम है, जिसमें खिलाड़ी को एक पूरा काल्पनिक शहर दिया जाता है। पहला GTA गेम नवंबर 1997 में लॉन्च हुआ था और 2013 में GTA 5 आया। दिसंबर 2023 में GTA 6 का पहला ट्रेलर लॉन्च होने पर 24 घंटे के भीतर यूट्यूब पर इसके 9 करोड़ से ज्यादा व्यूज हुए और इसने सबसे ज्यादा देखे जाने वाले नॉन-म्यूजिक वीडियो का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।
रॉकस्टार गेम्स ने GTA 6 का ऑफिशियल बजट जारी नहीं किया है। गेमिंग एक्सपर्ट्स और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे बनाने में करीब 1 से 1.5 अरब डॉलर यानी 9,300 से 14,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। पिछले 10 सालों से इस गेम पर दुनिया के 12 अलग-अलग स्टूडियो में 4,700 से ज्यादा डेवलपर्स, प्रोग्रामर्स, आर्टिस्ट और इंजीनियर काम कर रहे थे। भारत में GTA 6 के स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपए और अल्टीमेट एडिशन की कीमत 7,499 रुपए रखी गई है। यह कीमत PlayStation 5 और Xbox Series X|S दोनों प्लेटफॉर्म के लिए है। यह गेम पुराने PS4 या लैपटॉप-पीसी पर नहीं चलेगा।
