कैथल पुलिस ने रविवार अलसुबह पूंडरी-नैना रोड पर हुई मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित एक खेल कोच पर जानलेवा हमला करने की योजना बना रहे थे। मुठभेड़ में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान गांव करोड़ा निवासी टिंकू और अभिषेक के रूप में हुई है।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि शनिवार रात एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार के नेतृत्व में एएसआई राममेहर, एएसआई अनिल कुमार, एचसी देवेंद्र और सिपाही सुखविंद्र की टीम पूंडरी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक बाइक पर किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पूंडरी-नैना रोड पर कार्रवाई की, जहां आरोपितों से आमना-सामना हो गया और मुठभेड़ में दोनों के पैर में गोली लगी।
डीएसपी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांव भाना स्थित खेल नर्सरी में तैनात एक बॉक्सिंग कोच का कुछ दिन पहले गांव करोड़ा के व्यक्तियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते दोनों आरोपितों ने रविवार सुबह खेल नर्सरी में पहुंचकर कोच पर जानलेवा हमला करने की योजना बनाई थी। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित वारदात टल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों आरोपित आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। टिंकू के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित रोहतक, गुरुग्राम व कैथल आदि जिलों में करीब 7-8 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अभिषेक के खिलाफ भी करीब 3-4 मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब इस मामले में सुपारी देने वालों की तलाश कर रही है।
