कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रविवार को पॉपुलर गेम GTA-6 खेलते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ग्रैंड थेफ्ट ऑटो यानी GTA-6 की तुलना नोटबंदी से करते हुए कहा कि नोटबंदी भी बिना ऑटो वाली एक बड़ी चोरी थी। थरूर ने आगे कहा कि GTA-6 का नया वर्जन आने में 13 साल लग गए और इस दौरान दुनिया के अलावा भारत में भी काफी कुछ बदल गया। उन्होंने कहा कि हम अभिव्यक्ति की आजादी में कमी देख रहे हैं और ज्यादा लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि कहीं सरकार को उनकी बातें पसंद न आएं।
GTA यानी ग्रैंड थेफ्ट ऑटो दुनिया की सबसे मशहूर और सबसे ज्यादा बिकने वाली वीडियो गेम सीरीज है, जिसे अमेरिकी कंपनी रॉकस्टार गेम्स ने 1996-97 में तैयार किया था। यह एक ओपन-वर्ल्ड एक्शन-एडवेंचर गेम है, जिसमें खिलाड़ी को एक पूरा काल्पनिक शहर दिया जाता है, जहां वह अपनी मर्जी से घूम सकता है। इस गेम में बनाए गए काल्पनिक शहर असली अमेरिकी शहरों जैसे होते हैं। जैसे GTA V में लॉस सैंटोस नाम का शहर दिखाया गया था, जो लॉस एंजिल्स जैसा था, जबकि नए GTA 6 में वाइस सिटी है, जो मियामी शहर पर आधारित है।
पहला GTA गेम नवंबर 1997 में लॉन्च हुआ था, जो 2D कार्टून जैसी स्टाइल में बना था। इसके बाद 2001 में GTA 3 आया, जिसमें पहली बार गेम 3D में तैयार किया गया। फिर 2002 में GTA वाइस सिटी और 2004 में GTA सैन एंड्रियास आए, जिसने दुनियाभर के कई साइबर कैफे में धूम मचा दी। 2013 में GTA 5 आया और 13 साल बाद रॉकस्टार गेम्स ने GTA 6 लॉन्च किया। दिसंबर 2023 में जब GTA 6 का पहला ट्रेलर लॉन्च हुआ था, तब 24 घंटे के भीतर यूट्यूब पर इसके 9 करोड़ से ज्यादा व्यूज हो गए थे और इसने सबसे ज्यादा देखे जाने वाले नॉन-म्यूजिक वीडियो का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया।
रॉकस्टार गेम्स ने GTA 6 का ऑफिशियल बजट जारी नहीं किया है। हालांकि गेमिंग एक्सपर्ट्स और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे बनाने में करीब 1 से 1.5 अरब डॉलर यानी 9,300 से 14,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। पिछले 10 सालों से दुनिया के 12 अलग-अलग स्टूडियो में 4,700 से ज्यादा डेवलपर्स, प्रोग्रामर्स, आर्टिस्ट और इंजीनियर इस गेम पर काम कर रहे थे। रॉकस्टार गेम्स ने भारत में GTA 6 के स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपए और अल्टीमेट एडिशन की कीमत 7,499 रुपए रखी है। यह कीमत PlayStation 5 और Xbox Series X|S दोनों प्लेटफॉर्म के लिए है। यह गेम पुराने PS4 या लैपटॉप-पीसी पर नहीं चलेगा, ऐसे में जिनके पास पहले से गेमिंग कंसोल नहीं है, उन्हें कंसोल के लिए अलग से बड़ा खर्च करना होगा।
