देवरिया जिले के सलेमपुर के पड़री तिवारी के राजस्व गांव मझवलिया की बेटी अक्षरा तिवारी का भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। बाएं हाथ की तेज गेंदबाज और ऑलराउंडर अक्षरा वर्ष 2026 के लिए टीम में चुनी गई हैं। बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए), वडोदरा से खेलते हुए उन्होंने राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया है।

अक्षरा को बचपन से क्रिकेट का शौक था। पिता हरिशंकर तिवारी और भाई आराध्या तिवारी ने उन्हें खेल की शुरुआती बारीकियां सिखाईं। पिता ने हर कदम पर हौसला बढ़ाया और अक्षरा ने अपनी प्रतिभा को तराशने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उनकी शुरुआती शिक्षा देवरिया के जीवन मार्ग स्कूल में नर्सरी से यूकेजी तक हुई। इसके बाद वह परिवार के साथ गुजरात के वडोदरा चली गईं, जहां मांजलपुर स्थित श्रेयस विद्यालय में कक्षा एक से नौवीं तक पढ़ाई की। बाद में राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) से दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के साथ क्रिकेट का अभ्यास भी जारी रखा और बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़कर अपने खेल को नई धार दी।

अक्षरा के पिता हरिशंकर तिवारी गांव में दस वर्षों तक प्रधान रह चुके हैं, जबकि माता कविता गृहिणी हैं। पिता ने बताया कि अक्षरा बचपन से ही क्रिकेट के प्रति समर्पित रही है और उसकी मेहनत तथा लगन का ही परिणाम है कि आज उसे भारतीय अंडर-19 टीम में जगह मिली है। बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रणव अमीन ने भी अक्षरा को बधाई दी और कहा कि देवरिया की बेटी का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन होना पूरे बड़ौदा क्रिकेट परिवार के लिए गर्व की बात है।

अपनी इस उपलब्धि पर अक्षरा ने माता-पिता को सफलता का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि पिता हमेशा उनका मार्गदर्शन करते रहे और उनके बताए रास्ते पर चलकर ही वह इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं। अक्षरा की इस कामयाबी ने परिवार के साथ-साथ पूरे देवरिया जिले को गौरवान्वित किया है।