महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी के दोनों धड़ों के विलय की चर्चा तेज है, लेकिन एनसीपी (एसपी) और सुनेत्रा पवार के धड़े के किसी भी नेता ने विलय की बात स्वीकार नहीं की है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि शरद पवार अगर एनडीए में शामिल होने और दोनों धड़ों के विलय पर सहमत होते हैं तो बदले में बड़ी मांग रख सकते हैं। चर्चा यहां तक है कि वह अपनी बेटी सुप्रिया सुले के लिए मुख्यमंत्री पद तक मांग सकते हैं। हालांकि रिपोर्ट के मुताबिक स्थिति अलग है, क्योंकि महायुती पहले से सत्ता में है।

रिपोर्ट के अनुसार दिवाली के आसपास प्रदेश बीजेपी के कई नेता शरद पवार से मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन अब तक उन्होंने विलय और एनडीए की ओर रुख साफ नहीं किया है। संभव है कि वह बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के किसी नेता से मुलाकात करना चाहें, क्योंकि बड़ी मांग रखने के लिए बड़े नेता की जरूरत होगी।

केंद्र सरकार ने अब तक संसद के शीतकालीन सत्र के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। कहा जा रहा है कि सरकार चाहती है कि शीतकालीन सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पास हो जाए, लेकिन इसके लिए दो तिहाई बहुमत का जुगाड़ नहीं हो पाया है। लोकसभा में एनडीए के पास 320 सांसद हैं, जबकि बहुमत का आंकड़ा 360 है। राज्यसभा में 6 सांसदों की कमी है। शरद पवार के पास लोकसभा में 8 और राज्यसभा में एक सांसद है।

एनसीपी के नेता सुनेत्रा पवार से असंतुष्ट नजर आते हैं, क्योंकि वह ज्यादातर सलाह बेटे पार्थ पवार से लेती हैं। हाल ही में एनसीपी के 6 नेताओं ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी, जिसमें सुनेत्रा पवार या पार्थ पवार शामिल नहीं थे।