राजस्थान के टोंक जिले में पंचायत चुनाव परिणाम के बाद स्ट्रीट लाइटें हटाए जाने का मामला चर्चा में है। कहा जा रहा है कि भाजपा विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक की पत्नी प्रियंका शर्मा पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर 2 से सदस्य पद का चुनाव हार गईं, जिसके बाद लाइटें उतारी गईं। सोशल मीडिया पर लाइटें हटाने के वीडियो वायरल हुए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने इस पर सवाल उठाए हैं।
शर्मा ने बातचीत में कहा था कि उन्होंने न लाइटें लगवाईं और न ही हटवाईं। उनके अनुसार, ये लाइटें प्रचार के दौरान भाजपा समर्थक भामाशाहों ने दी थीं और ग्रामीणों ने खुद इन्हें लगवाया था। उन्होंने कहा कि जानकारी मिल रही है कि बिजली विभाग लाइटें उतरवा रहा है। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि परिणाम आने के बाद बिजली विभाग की गाड़ियां लाइटें वापस ले गईं।
विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा कि बगड़ी, रानौली समेत चार-पांच गांवों में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों ने लाइटें लगवाई थीं। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारी ने बिल का सवाल उठाया, कनेक्शन किसी ने नहीं लिया था, और प्रत्याशियों के मना करने के बाद उनकी ओर से लाइटें हटाने को कहा गया।
सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने बगैर नाम लिए तंज कसते हुए कहा, 'वोट नहीं दिया, तो लाइट ही उड़ा दी।' फिलहाल प्रत्याशी या पार्टी की ओर से इस पर प्रतिक्रिया नहीं आई है। उल्लेखनीय है कि राज्य के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम शुक्रवार को आए, जिनमें कांग्रेस ने भाजपा को पछाड़ा। जिला प्रमुखों का चुनाव 25 नवंबर और पंचायत समिति प्रधानों का चुनाव 27 नवंबर को होगा।
