पिछले साल जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने चीन से एक गोप्रो कैमरे के बारे में जानकारी मांगी थी, लेकिन सालभर बीतने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला है। NIA के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार (20 नवंबर) को बताया कि पहलगाम नरसंहार के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों के पास से अमेरिका में बना GoPro Hero 12 Black कैमरा बरामद हुआ था। इस संबंध में भारत के अनुरोध पर चीन ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है। अग्रवाल ने यह भी कहा कि जांचकर्ताओं ने इस मामले में कुछ फोरेंसिक सबूत जुटा लिए हैं।
गौरतलब है कि पिछले साल 22 अप्रैल को हुए हमले के बाद दाचीगाम के जंगलों में जुलाई में हुई एक मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों के पास से यह हाई-टेक कैमरा बरामद हुआ था, जिसका सीरियल नंबर C3501325471706 है। माना जा रहा है कि इस डिवाइस का इस्तेमाल आतंकी मॉड्यूल ने हमले से पहले रेकी, गतिविधियों की निगरानी और संभावित रिकॉर्डिंग के लिए किया था। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चीन को भेजा गया यह कैमरा पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के हाथों में कैसे पहुंचा।
जांच के दौरान NIA ने डिवाइस के मूल स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए अमेरिका की निर्माता कंपनी गोप्रो से संपर्क किया था। कंपनी ने जांचकर्ताओं को बताया कि यह कैमरा मूल रूप से चीन में एक अधिकृत कमर्शियल डिस्ट्रीब्यूटर, 'AE ग्रुप इंटरनेशनल लिमिटेड' को सप्लाई किया गया था और यह डिवाइस 30 जनवरी, 2024 को चीन के डोंगगुआन में एक्टिवेट हुआ था। हालांकि, कंपनी के पास इसके बाद के लेन-देन या अंतिम उपयोगकर्ता का कोई रिकॉर्ड नहीं है। चूंकि भारत और चीन के बीच कोई द्विपक्षीय 'म्यूचुअल लीगल असिस्टेंस ट्रीटी' (MLAT) नहीं है, इसलिए इस अनुरोध पर कानूनी और राजनयिक माध्यमों से कार्रवाई की जा रही है। गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद जम्मू की एक विशेष अदालत ने 2 मार्च को 'लेटर ऑफ रोगेटरी' के जरिए चीनी न्यायिक अधिकारियों से मदद मांगने की अनुमति दी थी।
जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या यह कैमरा उस व्यापक सप्लाई नेटवर्क का हिस्सा था, जो जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी समूहों तक सामरिक उपकरण और अन्य संसाधन पहुंचाता है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच का एक अहम पहलू यह है कि कैमरा चीनी वितरक से लश्कर-ए-तैयबा के हैंडलर्स तक कैसे पहुंचा। जांचकर्ता इस आशंका की भी पड़ताल कर रहे हैं कि ये उपकरण पाकिस्तानी सेना ने हासिल किए थे और बाद में आतंकी समूहों को सौंप दिए थे।
