जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपरी पहाड़ी इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंचने के साथ ही उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 22 नवंबर तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है, जिससे सुबह के वक्त सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। पटियाला में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री और चंडीगढ़ में 10.4 डिग्री दर्ज किया गया। मनाली में पारा 2.8 डिग्री तक गिरा, जबकि शिमला में 9 डिग्री रहा। नैनीताल में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज हुआ। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 नवंबर को तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे रेल और सड़क यातायात बाधित हो सकता है।
बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान अकवान शुक्रवार को ओडिशा तट से टकराएगा। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात शुक्रवार दोपहर तक उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों के बीच नरसापुर और पुरी के आसपास, गोपालपुर के पूर्व में टकरा सकता है। इस दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंके 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
तूफान के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने बड़े पैमाने पर तैयारी की है। अब तक तीन लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और राज्य में 9,299 राहत शिविर बनाए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए 423 बचाव दल तैनात किए गए हैं और कई जिलों में शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए हैं।
पूर्व तटीय रेलवे (ईसीओआर) ने एहतियात के तौर पर 19, 20 और 21 नवंबर को चलने वाली 69 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। एक अधिकारी के अनुसार, रद्द ट्रेनों में लंबी दूरी की कई एक्सप्रेस, वंदे भारत, यात्री और मेमू ट्रेनें शामिल हैं, जो ओडिशा को पड़ोसी राज्यों से जोड़ती हैं। इसके अलावा 28 अन्य ट्रेनों का समय भी बदला गया है।