आंध्र प्रदेश के डॉ. बी.आर. अंबेडकर कोनासीमा जिले में ONGC के एक गैस कुएं से भारी गैस रिसाव हुआ है। अधिकारियों के अनुसार घटना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे हुई। रिसाव के चलते 1 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले करीब 800 लोगों को वहां से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
ONGC के एक अधिकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे 216 (NH 216) के पास गेड्डाडा गांव में एक गैस कुएं पर वर्कओवर ऑपरेशन चल रहा था, तभी सुबह करीब 5 बजे गैस का रिसाव शुरू हो गया। प्रशासन ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 'वॉटर ब्लैंकेट' (पानी की बौछार का घेरा) का इस्तेमाल किया गया।
बताया गया है कि इस साल जिले में ONGC की गैस लीक होने की यह चौथी घटना है। रिसाव को रोकने के लिए आपातकालीन टीमें तैनात की गई हैं।
इस बीच, ओडिशा तट के पास मंगलवार को एमवी विश्व उदय नाम के जहाज में पानी भरने लगा और इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल ने जहाज के 27 क्रू मेंबर्स को बचा लिया। हल्दिया बंदरगाह से मोजाम्बिक जा रहे इस जहाज को सुरक्षित खींचकर मंगलवार सुबह तट पर लाया गया।