एयरफोर्स चीफ आशुतोष दीक्षित ने कहा है कि विदेशी जासूसी नेटवर्क अब केवल हनी ट्रैप तक सीमित नहीं हैं। वे साइबर जासूसी और अन्य तरीकों से भारतीय रक्षा क्षेत्र से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। इन तरीकों में सोशल मीडिया पर प्यार में फंसाना, मल्टीलेवल मार्केटिंग और कर्ज के जाल में फंसाना शामिल है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अंदरूनी लोगों के जरिए जानकारी लीक होने का खतरा ज्यादा है। इस साल हनी ट्रैप के चार मामले सामने आए हैं, जिनमें नेवी के दो जवान, एक एयरफोर्स विंग कमांडर और एक पूर्व सैनिक शामिल थे।
आशुतोष दीक्षित ने बताया कि इन खतरों से निपटने के लिए तकनीकी और संस्थागत स्तर पर कई उपाय किए गए हैं। सरकारी क्षेत्र, DRDO की लैब और निजी रक्षा कंपनियों के लिए भी सुरक्षा व्यवस्था पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि निजी रक्षा कंपनियों को नेटवर्क के सुरक्षित इस्तेमाल और सही सॉफ्टवेयर चुनने के बारे में सलाह देने के लिए एक एजेंसी काम कर रही है। कंपनियों को इस सलाह का पालन करना चाहिए, जिससे ज्यादातर मामलों में साइबर सुरक्षा के खतरों से बचा जा सकता है।
इस बीच, सोशल मीडिया से डिजिटल हनी ट्रैप का खतरा ज्यादा बताया गया है। एयरफोर्स के एक विंग कमांडर पर आरोप है कि उसने न्यूड तस्वीरों के लालच में देश की सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी पाकिस्तान को सौंप दी। पांच महीने पहले गिरफ्तार किए गए इस अफसर पर आरोप है कि उसने पाकिस्तानी महिला जासूस को लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती, राजस्थान में सैन्य अभ्यास और ड्रोन यूनिट की क्षमताओं से जुड़ी जानकारी दी।