अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में सिलिकॉन वैली के शिव दुर्गा मंदिर में फिर घुसपैठ और चोरी की घटना हुई है। तीन वर्षों में मंदिर में यह तीसरी ऐसी घटना है। सैंटा क्लारा स्थित बे एरिया के इस मंदिर ने जांच और सुरक्षा में सहयोग के लिए भारतीय-अमेरिकी सांसद रो खन्ना से अपील की है।
मंदिर ने श्रद्धालुओं के साथ साझा किए गए सार्वजनिक संदेश में कहा कि रविवार तड़के करीब चार बजे (स्थानीय समय) कोई व्यक्ति मंदिर में घुस आया। मंदिर प्रशासन स्थानीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है और नुकसान का आकलन कर रहा है। यह संदेश एक्स पर रितेश टंडन ने साझा किया।
भारतीय-अमेरिकी रिपब्लिकन रितेश टंडन कैलिफोर्निया के 17वें कांग्रेसनल जिले से चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी। इस जिले का प्रतिनिधित्व रो खन्ना करते हैं। टंडन ने कहा कि हिंदुओं के मंदिरों को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है।
मंदिर के संदेश में यह नहीं बताया गया कि क्या चोरी हुआ या नुकसान पहुंचा, न ही किसी संदिग्ध की पहचान या नुकसान की राशि बताई गई। शिव दुर्गा मंदिर के अध्यक्ष सुनील खन्ना ने श्रद्धालुओं से शांत रहने और साथ देने की अपील की। मंदिर की स्थापना सेंटा क्लारा काउंटी के हिंदू परिवारों ने की थी।
