असम के कार्बी आंगलोंग जिले में जिले की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर करीब 15,000 नर्तकों ने सबसे बड़े लोकनृत्य प्रदर्शन का विश्व रिकॉर्ड बनाया। अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि सोमवार को डिफू के कासा स्टेडियम में हासिल की गई, जिसकी घोषणा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक निर्णायक ने की।

कार्यक्रम में जिले की विभिन्न जनजातियों और समुदायों के नर्तक शामिल हुए, जिन्होंने पारंपरिक कार्बी लोकनृत्य के जरिए यह रिकॉर्ड बनाया। यह आयोजन कार्बी आंगलोंग दिवस के 75वें समारोह का हिस्सा था।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने एक्स पर पोस्ट कर इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि डिफू में 15,000 नर्तक कार्बी संस्कृति का उत्सव मना रहे हैं और वह समारोह में शामिल होने के लिए उत्सुक हैं।

कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद (केएएसी) के मुख्य कार्यकारी सदस्य (सीईएम) तुलीराम रोंगहांग ने कहा कि इस उपलब्धि के साथ इतिहास रचा गया है और कार्बी आंगलोंग ने विश्व मंच पर अपनी छाप छोड़ी है।