प्रशांत महासागर में अल नीनो रिकॉर्ड स्तर की ओर बढ़ रहा है। पेरू और गैलापागोस द्वीपों के पास कुछ इलाकों में समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से 10°C तक ज्यादा है, जबकि अक्टूबर में यह अंतर 6-7°C था। यूरोपीय जलवायु सेवा कोपरनिकस के मुताबिक, अक्टूबर में मध्य प्रशांत के प्रमुख क्षेत्र का औसत तापमान 29.94°C रहा, जो 1982-83, 1997-98 और 2015-16 के अल नीनो के चरम तापमान से भी अधिक है। विश्व मौसम संगठन के अनुसार, अल नीनो दिसंबर में चरम पर पहुंच सकता है और मार्च 2027 तक शक्तिशाली बने रहने की 79% से अधिक संभावना है। अमेरिकी मौसम वैज्ञानिक रायन माउ ने 22 नवंबर को यूरोपीय मौसम केंद्र के आंकड़ों के आधार पर इसे मेगा अल नीनो बताया।
भारत में इस बार मानसूनी बारिश 13% कम हुई है। फरवरी-मार्च में असामान्य गर्मी से गेहूं की उपज घटने का खतरा है। 13 नवंबर तक पिछले साल के मुकाबले गेहूं की बुवाई 15% कम हुई। 10 कृषि कारोबार विशेषज्ञों के आकलन के मुताबिक, गेहूं का कुल रकबा 336 लाख से घटकर 315.8 लाख हेक्टेयर रह सकता है, जो 26 साल में सबसे बड़ी गिरावट होगी। पानी की कमी से किसान चना-सरसों की ओर बढ़ रहे हैं। एक स्टडी के मुताबिक, अर्धशुष्क क्षेत्रों में फरवरी में रात का तापमान निर्धारित सीमा से हर डिग्री अधिक होने पर उपज 6% तक घट सकती है। नेचर के मुताबिक, समुद्री गरमी से केरल के अलप्पुझा में कुछ मछुआरों की सार्डिन की पकड़ आधी रह गई है।
अल नीनो के मजबूत होने से हिंदूकुश हिमालय क्षेत्र में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है, जिससे सर्दियों में भारत और नेपाल में बाढ़ आ सकती है और नेपाल में भूस्खलन व हिमस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। हिंदूकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026 के अनुसार, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में भी इसका असर रहेगा, जहां बारिश और ठंड ज्यादा होने का अनुमान है। अमेरिकी राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन (NOAA) के मुताबिक, अल नीनो मजबूत से बहुत मजबूत स्थिति में है और 1950 में रिकॉर्ड शुरू होने के बाद सबसे मजबूत बनने की संभावना करीब 60% है। यह रिपोर्ट काठमांडू स्थित इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट (ICIMOD), बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज के इंस्टीट्यूट ऑफ एटमॉस्फेरिक फिजिक्स ने मिलकर तैयार की है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, अल नीनो सिर्फ समुद्र के गर्म होने की प्रक्रिया नहीं है। सामान्य स्थिति में प्रशांत महासागर की हवाएं पूर्व से पश्चिम की ओर चलकर गर्म पानी को इंडोनेशिया-ऑस्ट्रेलिया की तरफ धकेलती हैं और दक्षिण अमेरिका के पास गहराई से ठंडा पानी ऊपर आता रहता है। अल नीनो के दौरान ये हवाएं कमजोर पड़ जाती हैं, जिससे पश्चिम में जमा गर्म पानी पूर्व की ओर फैलने लगता है और प्रशांत महासागर का मध्य व पूर्वी हिस्सा सामान्य से ज्यादा गर्म हो जाता है। दूसरे महासागरों में भी तापमान बदलता है, लेकिन वहां हवाओं और समुद्री पानी की ऐसी खास व्यवस्था नहीं होती, इसलिए उसे अल नीनो नहीं कहा जाता।
