पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक भारत की ओर से दिए गए न्योते पर शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में शामिल होने के लिए भारत आ रहे हैं। वह 20 से 22 दिसंबर के बीच होने वाली इस बैठक में हिस्सा लेंगे। मलिक SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग के लिए आ रहे प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे हैं। इससे पहले भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पुष्टि की थी कि भारत ने SCO के सभी सदस्य देशों को न्योता दिया है।
मलिक भारत को धमकी दे चुके हैं। सिंधु जल संधि (IWT) के मुद्दे पर उन्होंने कहा था कि जो भी पाकिस्तान के पानी को हाथ लगाएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे। भारत ने पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कई बड़े फैसले किए थे, जिनमें संधि को स्थगित करने की बात भी शामिल थी।
मुसादिक मलिक से पहले बिलावल भुट्टो 2023 में भारत आए थे। उन्होंने विदेश मंत्री के तौर पर गोवा में भारत की अध्यक्षता में आयोजित SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लिया था। इसके बाद यह पहला मौका है जब कोई पाकिस्तानी मंत्री भारत आ रहे हैं। फरवरी 2019 में पुलवामा और फिर 2025 में पहलगाम हमले के बाद से दोनों देशों के रिश्ते तनावपूर्ण बने हुए हैं।
पाकिस्तान की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उसकी सरकार SCO के दायरे में आपसी सम्मान के साथ सभ्यताओं के संवाद और लोगों के आपसी मेल-जोल को बढ़ाने के प्रति प्रतिबद्ध है। SCO की स्थापना 2001 में शंघाई में आयोजित एक शिखर सम्मेलन के दौरान की गई थी। भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने थे। भारत ने कई मौकों पर साफ किया है कि आतंकवाद खत्म होने से पहले किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
