अमेरिका के प्यू रिसर्च सेंटर की एक नई रिपोर्ट में वैश्विक धार्मिक आबादी में हो रहे बदलावों को लेकर अनुमान जताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2010 में दुनिया की कुल आबादी करीब 6.9 अरब थी, जो 2050 तक बढ़कर 9.3 अरब तक पहुंच सकती है। इस दौरान मुस्लिम आबादी में सबसे तेज वृद्धि का अनुमान है। 2010 के मुकाबले 2050 तक मुस्लिम आबादी करीब 73 फीसदी बढ़ सकती है, यानी 2010 में करीब 1.6 अरब मुसलमानों की संख्या 2050 तक लगभग 2.76 अरब हो जाएगी।
रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है। फिलहाल दुनिया में 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुस्लिम हैं। अनुमान है कि 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर 2.57 अरब और ईसाई आबादी 2.52 अरब हो जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार, मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर सबसे ज्यादा है। 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं में प्रति महिला औसतन 3.1 बच्चे पैदा हुए, जबकि ईसाई महिलाओं में यह आंकड़ा 2.5 और अन्य धर्मों में 1.6 रहा। प्यू के अनुमान के मुताबिक, 2070 तक दुनिया में मुस्लिमों की आबादी 3.6 अरब से ज्यादा हो सकती है, वहीं ईसाइयों की संख्या 3 अरब से कम रहने का अनुमान है।
भारत के संदर्भ में रिपोर्ट कहती है कि 2020 से 2050 के बीच हिंदुओं की आबादी 17.6 करोड़ बढ़ जाएगी, हालांकि देश की कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी घटने का अनुमान है। इसकी वजह मुस्लिमों की ज्यादा प्रजनन दर बताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ दशकों में भारत की कुल प्रजनन दर में तेजी से गिरावट आई है, लेकिन मुस्लिम महिलाओं के औसतन बच्चों की संख्या हिंदू महिलाओं से अधिक है। इसके अलावा भारत में मुस्लिम आबादी का आयु वर्ग भी अपेक्षाकृत युवा है। इन कारणों से आने वाले दशकों में मुस्लिमों का अनुपात बढ़ने और हिंदुओं की हिस्सेदारी में मामूली कमी आने का अनुमान है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक 2070 तक हिंदू भारत की कुल आबादी के तीन-चौथाई से ज्यादा बने रहेंगे।
रिपोर्ट में अमेरिका में हिंदुओं की आबादी दोगुने से ज्यादा होने का भी अनुमान है। 2020 में यहां करीब 40 लाख हिंदू थे, जिनकी संख्या 2070 तक बढ़कर 90 लाख हो सकती है और कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी 1 प्रतिशत से बढ़कर 2 प्रतिशत होने का अनुमान है। वहीं, अफ्रीका तथा लैटिन अमेरिका और कैरेबियन ऐसे क्षेत्र बताए गए हैं जहां हिंदुओं की कुल संख्या में गिरावट की संभावना है। प्यू के अनुमान के मुताबिक, मौजूदा रुझान जारी रहने पर 2070 तक पाकिस्तान दुनिया में सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा, जिसके बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का स्थान होगा। फिलहाल इंडोनेशिया में दुनिया के सबसे ज्यादा मुस्लिम रहते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के कई देशों में खुद को नास्तिक, अज्ञेयवादी या किसी धर्म से जुड़ा हुआ न मानने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे लोगों को 'नन्स' कहा जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन को छोड़कर बाकी दुनिया में ऐसे लोगों की संख्या 2070 तक 18 करोड़ से ज्यादा बढ़ सकती है। चीन में पहले से ही ऐसे लोगों की बड़ी आबादी है, लेकिन वहां कुल जनसंख्या में गिरावट का अनुमान है। प्यू के मुताबिक, चेक गणराज्य, जापान, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, उरुग्वे और वियतनाम समेत 10 देशों में ऐसे लोग पहले से ही बहुसंख्यक हैं और अनुमान है कि 2070 तक दक्षिण कोरिया, फ्रांस और ब्रिटेन भी इस सूची में शामिल हो जाएंगे।
