प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार सुबह मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यह बैठक प्रधानमंत्री के वार्षिक भारत-आसियान शिखर सम्मेलन से लौटने के बाद हो रही है। बैठक में शासन, सुधारों तथा कल्याण और विकास योजनाओं को महिलाओं और युवाओं तक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि सरकार की फिलहाल 40 से 45 कल्याणकारी योजनाएं हैं और आगामी बैठक में इन पर चर्चा हो सकती है। प्रधानमंत्री मंत्रियों से सुझाव भी ले सकते हैं।
इस बैठक को मंत्रियों को सरकार के सामने मौजूद मुद्दों को बेहतर ढंग से समझाने की जारी कवायद का हिस्सा बताया जा रहा है। गौरतलब है कि केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल की अटकलें चल रही हैं, हालांकि सरकार की ओर से इस पर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।
मंत्रिपरिषद की पिछली बैठक सितंबर में हुई थी, जिसे 'चिंतन शिविर' नाम दिया गया था। उस बैठक में मंत्रियों ने इस बात पर चर्चा की थी कि सरकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत वास्तविक लाभार्थियों तक कैसे पहुंचाया जाए और नागरिकों से प्रभावी ढंग से कैसे जुड़ा जाए। उस दौरान मंत्रिपरिषद को आठ समूहों में बांटा गया था और प्रधानमंत्री ने हर समूह के साथ अलग-अलग बातचीत के अलावा सभी मंत्रियों को सामूहिक रूप से भी संबोधित किया था।
हाल के दिनों में केंद्रीय मंत्रियों और मंत्रालयों को कई निर्देश दिए गए हैं, जिनमें कामकाज की स्थिति बताने वाले लाइव डैशबोर्ड तैयार करना, प्रगति की समीक्षा करना और कर्मचारियों से संवाद करना शामिल है। प्रधानमंत्री ने मंत्रालयों की वेबसाइटों को अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने पर भी जोर दिया है। इन बीच केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने संकेत दिए थे कि बहुत जल्द कैबिनेट विस्तार होने की संभावनाएं हैं, जिसमें नए चेहरों को मौका मिल सकता है।
