कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने किताब में वीर सावरकर पर कथित टिप्पणी को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किताब के पन्ने फाड़कर विरोध दर्ज कराया और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा।
शिंदे शिवसेना के नेताओं का दावा है कि किताब के पेज नंबर 201 पर वीर सावरकर के बारे में टिप्पणी की गई है, जिसमें कहा गया है कि सावरकर ब्रिटिश सरकार से लगातार माफी मांग रहे थे। नेताओं ने इसे सावरकर का अपमान बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया गया कि किताब के 443 पन्नों में वीर सावरकर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ कथित तौर पर फेक नैरेटिव फैलाने की कोशिश की गई है। नेताओं ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने भी इस किताब को स्वीकार किया है।
शिवसेना नेताओं ने कांग्रेस के साथ उद्धव ठाकरे के गठबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ कांग्रेस सावरकर पर टिप्पणी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ उद्धव ठाकरे उसी पार्टी के साथ राजनीतिक संबंध बनाए हुए हैं। बालासाहेब ठाकरे का जिक्र करते हुए नेताओं ने कहा कि पहले सावरकर का अपमान करने के मामले में मणिशंकर अय्यर की तस्वीर पर बालासाहेब ठाकरे ने चप्पल मारी थी। उन्होंने सवाल उठाया कि अब उद्धव ठाकरे इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाएंगे। सोनिया गांधी से माफी मांगने की मांग भी की गई और कहा गया कि उद्धव ठाकरे को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
किताब के लॉन्च कार्यक्रम में कांग्रेस और विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए थे, जिनमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत कई नेता मौजूद थे। कार्यक्रम में सोनिया गांधी ने कहा कि उन्हें किताब को लेकर इतनी अच्छी प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद नहीं थी। उन्हें लगा था कि पाठकों के बीच किताब को अपनी जगह बनाने में कुछ समय लगेगा, लेकिन लोगों ने इसे जिस तरह पसंद किया, वह उनके लिए भावुक कर देने वाला पल है।
