पश्चिम बंगाल में भाजपा ने भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते अपने ही कार्यकर्ताओं के खिलाफ जांच शुरू की है। पार्टी के एक नेता के मुताबिक, शुभेंदु अधिकारी भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रहे हैं और अपनी पार्टी के लोगों पर कार्रवाई से भी पीछे नहीं हट रहे। मालदा, दक्षिण 24 परगना और पूर्वी मिदनापुर उन जिलों में प्रमुख हैं जहां भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ आरोप लगे हैं।

एक भाजपा नेता ने बताया कि मालदा जिला प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि नदी के कटाव से प्रभावित लोगों से मुआवजे के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत दर्ज कराई है।

दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में कई महिलाओं ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता पार्थ साहा ने अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत मिलने वाले 3000 रुपये में से 1500 रुपये कमीशन की मांग की। इन आरोपों पर पार्थ साहा का कहना है कि उन्होंने किसी पर इसके लिए जबरन दबाव नहीं डाला।

इसी तरह, शनिवार को पूर्वी मिदनापुर जिले के भाजपा नेता अभिजीत कर्ण को गिरफ्तार किया गया। उन पर नौकरी और चुनाव में टिकट दिलाने के नाम पर छह करोड़ रुपये की वसूली करने का आरोप है। भाजपा विधायक और प्रदेश प्रवक्ता रितेश तिवारी ने कहा कि कोई भी प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ-साथ पार्टी भी ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।