शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को हत्या के प्रयास के मामले में अदालत से जमानत मिल गई है। बुधवार को एडीजे कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका स्वीकार कर ली। दिनेश ने मंगलवार को ही एडीजे कपिल सोनी की अदालत में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।

दिनेश लोधी लंबे समय से इस मामले में अदालत की पेशियों पर गैरहाजिर था। लगातार अनुपस्थित रहने पर 7 अक्टूबर को उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। वारंट जारी होने के 41 दिन बाद मंगलवार को उसने अदालत में आत्मसमर्पण किया। सुनवाई के दौरान दिनेश ने खुद को निर्दोष बताते हुए अदालत से माफी मांगी और कहा कि यह उसकी पहली गलती है तथा भविष्य में वह दोबारा ऐसा नहीं करेगा।

पेशियों पर लगातार गैरहाजिर रहने को लेकर एडीजे कपिल सोनी ने कड़ी नाराजगी जताई। न्यायाधीश ने फटकार लगाते हुए कहा कि वह न्यायालय का सम्मान नहीं करता और निर्धारित तारीखों पर भी उपस्थित नहीं होता। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सरेंडर की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और दोपहर 2 बजे उसे जेल भेज दिया गया। बुधवार को बचाव पक्ष की ओर से जमानत आवेदन पेश किया गया, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।

मामला 31 दिसंबर 2023 का है। आरोप है कि दिनेश लोधी ने रविंद्र सिंह यादव के घर के बाहर खड़ी स्कूटर को अपनी कार से जानबूझकर जोरदार टक्कर मारी थी। इस घटना के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया था। इस प्रकरण का एक और पहलू यह भी सामने आया है कि 21 सितंबर को दिनेश लोधी इसी न्यायालय परिसर की दूसरी अदालत में एक अन्य आपराधिक मामले में पेश हुआ था और वहां उसने जमानत भी हासिल कर ली थी, इसके बावजूद हत्या के प्रयास के मामले में वह अदालत में पेश नहीं हुआ।