कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के विरोध में बुधवार को शिंदे सेना के नेताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किताब की प्रतियां फाड़ीं। इस दौरान पार्टी प्रवक्ता शाइना एनसी ने कथित तौर पर बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ दी, जिस पर विवाद खड़ा हो गया है।
शिंदे सेना नेताओं का आरोप है कि इस किताब में वीर सावरकर को नीचा दिखाया गया है और इतिहास को अपने हिसाब से पेश करने की कोशिश की गई है। संजय निरुपम की अगुवाई में नेताओं ने विरोध जताते हुए किताब की प्रतियां फाड़ीं। इसी क्रम में शाइना एनसी ने गलती से बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ दी, जिस पर संजय निरुपम ने ध्यान दिलाया। इसके बाद शाइना ने तुरंत उस फटी तस्वीर को कागजों के नीचे छिपा दिया।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और कांग्रेस ने शिवसेना संस्थापक का अपमान करने के आरोप में शाइना एनसी पर निशाना साधा है। हालांकि शिवसेना ने सफाई देते हुए दावा किया कि जो तस्वीर फाड़ी गई, उसमें मणिशंकर अय्यर थे, न कि बाल ठाकरे। बताया जा रहा है कि तस्वीर 27 अगस्त 2004 की है, जब बालासाहेब ठाकरे ने शिवाजी पार्क में सावरकर स्मारक के पास मणिशंकर अय्यर के पुतले पर चप्पल से प्रहार किया था। शिवसेना नेता यह तस्वीर इसलिए लाए थे ताकि उद्धव ठाकरे की शिवसेना पर कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर सवाल उठा सकें।
इस घटना के बाद बीएमसी में भारी हंगामा हुआ। उद्धव ठाकरे गुट के पार्षदों ने शाइना एनसी के खिलाफ नारे लगाए और उन्हें पार्टी से बाहर निकालने की मांग की। पूर्व मुंबई मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि बालासाहेब का अपमान किसी को बर्दाश्त नहीं होगा और शिंदे गुट द्वारा शिवसेना संस्थापक के प्रति दिखाया जा रहा प्रेम दिखावटी है।
