उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। कानपुर के सपा जिलाध्यक्ष फजल महमूद के अनुसार पार्टी बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की अवधारणा को व्यापक रूप दे रही है और हर पीड़ित व्यक्ति को इसका हिस्सा मानती है।
फजल महमूद ने कहा कि सपा युवाओं, महिलाओं और किसानों के मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ेगी। पार्टी अपने पिछले कार्यकाल के कामकाज और मौजूदा सरकार के मुद्दों को जनता के बीच रखेगी। यह जानकारी उन्होंने विधानसभा चुनाव की तैयारियों, उम्मीदवार चयन, संगठन और चुनावी रणनीति पर हुई बातचीत में दी।
गौरतलब है कि 2027 के चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता तेज हो गई है। सपा जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करने और रोजगार, किसान, महिला तथा कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
