प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने मंगलवार को फोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की और लगातार बढ़ते सहयोग पर संतोष जताया। बातचीत में व्यापार, निवेश, रक्षा और आधुनिक तकनीक जैसे क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते से भारत-जर्मनी के व्यापारिक और निवेश संबंधों को विस्तार देने के नए मौके खुलेंगे। इस साल दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे हो रहे हैं और इस मौके पर दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
पीएम मोदी ने एक्स पर बातचीत की जानकारी साझा करते हुए कहा कि जर्मन चांसलर मर्ज के साथ उनकी बातचीत सकारात्मक और उपयोगी रही। उन्होंने कहा कि भारत और जर्मनी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के साथ-साथ शांति, स्थिरता और नियमों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए और मौजूदा वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए बहुपक्षीय मंचों पर आपसी सहयोग जारी रखने के महत्व पर जोर दिया।
फ्रेडरिक मर्ज ने प्रधानमंत्री मोदी को ऐसे समय फोन किया है, जब भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर दिसंबर में हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। भारत और 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ के बीच इस समझौते पर बातचीत जनवरी में पूरी हो गई थी। इस प्रस्तावित समझौते को 'मदर ऑफ ऑल डील्स' यानी अब तक के सबसे बड़े व्यापारिक समझौतों में से एक बताया जा रहा है। इसके लागू होने पर भारत के करीब 93 प्रतिशत निर्यात को यूरोपीय संघ के बाजार में बिना किसी आयात शुल्क के प्रवेश मिल सकेगा। यूरोपीय संघ से आने वाली लग्जरी कारों और वाइन पर आयात शुल्क कम होने से ये उत्पाद भारत में सस्ते हो सकते हैं।
'मदर ऑफ ऑल डील्स' को दोनों पक्षों के व्यापारिक रिश्तों के लिए काफी अहम माना जा रहा है। भारत और यूरोपीय संघ की अर्थव्यवस्थाएं मिलकर दुनिया की कुल जीडीपी में करीब 25 प्रतिशत हिस्सेदारी रखती हैं। दोनों का अंतरराष्ट्रीय व्यापार में हिस्सा लगभग एक तिहाई है, जिसका कुल मूल्य करीब 11 लाख करोड़ डॉलर है। दोनों नेताओं के बीच बातचीत में वैश्विक हालात और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। खास तौर पर रूस-यूक्रेन युद्ध के हालिया घटनाक्रम के बीच शांति और स्थिरता बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया गया। रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष हाल के दिनों में और तेज हुआ है। रूस सर्दियों से पहले यूक्रेन की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को निशाना बनाने के लिए लगातार हमले कर रहा है, जबकि यूक्रेन भी रूस के भीतर दूर तक हमले कर रहा है।
