प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की वार्षिक महासभा और वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने देश-विदेश से आए उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में उद्योग जगत से जुड़े कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की थी।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में 50 करोड़ से अधिक लोगों ने गरीबी को पराजित किया है और भारत की अर्थव्यवस्था 7 फीसदी की रफ्तार से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि 70 के दशक में जब देश में 'गरीबी हटाओ' का नारा दिया गया था, तब देश की आबादी करीब 50 करोड़ ही थी। उनके अनुसार, गरीबी तब भी हट सकती थी, लेकिन तब नीतियों में कमी रही और दुर्भाग्य से नीयत में भी कमी रही।

पीएम मोदी ने कहा कि जब सही नीयत से काम हुआ और सरकार सही नीयत के साथ आगे बढ़ी, तो सिर्फ 12-13 वर्षों में 50 करोड़ गरीब गरीबी से बाहर निकल आए। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि भारत आज जिस दिशा में चल रहा है, वह सही और सटीक है और उसमें देश की सफलता की गारंटी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 100 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था ने कई दौर देखे हैं। हमने लाइसेंस-कोटा राज भी देखा, नेशनलाइजेशन का असफल प्रयोग भी देखा और फिर 21वीं सदी में एक ऐसा समय भी आया जब भारत की अर्थव्यवस्था को 'फ्रेजाइल फाइव' में देखा जाने लगा। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देशवासियों ने बहुत परिश्रम किया और युवाओं, किसानों, श्रमिकों तथा उद्योग जगत के सहयोग से इस स्थिति को बदला गया है।