राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा के सबसे पुराने होम्योपैथी संस्थान के छात्रों और शिक्षकों को संबोधित किया। डॉ. अभिन्न चंद्र होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में होम्योपैथी पर आयोजित राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन में उन्होंने कहा कि तकनीक स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को बदल सकती है, लेकिन चिकित्सा सेवा का आधार करुणा ही बना रहना चाहिए।

राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सा की हर प्रणाली को उच्च स्तरीय वैज्ञानिक जांच से गुजरना चाहिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा से जुड़ा कोई भी निर्णय लेते समय मरीजों की सुरक्षा, गरिमा और कल्याण सर्वोपरि रहना चाहिए, क्योंकि इसका मुख्य उद्देश्य मरीज के कष्टों को कम करना और उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को यह समझना चाहिए कि उनके सामने एक ऐसा इंसान है, जिसकी अपनी उम्मीदें, डर और गरिमा है।

मुर्मू ने कहा कि चिकित्सा पेशे के लिए केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है, बल्कि बौद्धिक अनुशासन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नैतिक ईमानदारी और सहानुभूति भी जरूरी है। होम्योपैथी पेशेवरों से उन्होंने सवाल पूछने की आदत डालने और हमेशा सीखते रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी संस्थान को उसके बुनियादी ढांचे या उसके कितने साल पुराने होने से नहीं, बल्कि इस बात से याद रखा जाता है कि वह कैसे पेशेवर तैयार करता है, कैसा ज्ञान देता है और समाज को क्या सेवा प्रदान करता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि देश ने चिकित्सा की इस प्रणाली के विकास और विस्तार के लिए एक मजबूत संस्थागत ढांचा तैयार किया है और होम्योपैथी भारत की विविध स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यक्रम में ओडिशा के राज्यपाल ब्रज मोहन राम, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, कॉलेज के छात्रों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं के अलावा देशभर से आए गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।