पंजाब सरकार ने गन्ना किसानों के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को 2026-27 सत्र के लिए गन्ने के मूल्य में ₹15 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की घोषणा की। इसके साथ ही गन्ने का दाम ₹416 से बढ़कर ₹431 प्रति क्विंटल हो गया है। सरकारी बयान के अनुसार, यह देश में गन्ने का सर्वाधिक मूल्य है।

एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय किसानों के कल्याण और उनकी आर्थिक समृद्धि के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाता है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'X' पर लिखा कि पंजाब के गन्ना किसानों के लिए यह बड़ी खबर है और उनकी सरकार ने 2026-27 सत्र के लिए गन्ने का मूल्य ₹431 प्रति क्विंटल कर दिया है, जो पूरे देश में सबसे अधिक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए राज्य की सभी चीनी मिलें 25 नवंबर से कामकाज शुरू कर देंगी। बैठक में उन्होंने कहा कि किसान अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समृद्धि पंजाब की समग्र प्रगति एवं आर्थिक खुशहाली के लिए जरूरी है।

मान ने कहा कि उनकी सरकार किसानों के हितों की रक्षा, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने और उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि उपज का लाभकारी मूल्य दिलाना और किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।