रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की प्राचीन सभ्यता और भाषाई विविधता की तारीफ की है। सर्बियाई फिल्म निर्माता एमिर कुस्टुरिका को दिए एक इंटरव्यू में पुतिन ने कहा कि भारत की सभ्यता दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक है और इसके बारे में जितना अधिक जानकारी मिलती है, रुचि उतनी ही बढ़ती जाती है। क्रेमलिन की ओर से जारी इस बातचीत के विवरण के मुताबिक, पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई एक चर्चा का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में करोड़ों लोग अलग-अलग भाषाएं बोलते हैं। उन्होंने इस विविधता को आश्चर्यजनक बताया।
पुतिन के मुताबिक, उन्होंने मोदी से पूछा था कि भारत में कितने लोग मुख्य भाषा बोलते हैं। जवाब में मोदी ने बताया था कि करीब 60 करोड़ लोग मुख्य भाषा बोलते हैं, जबकि देश की कुल आबादी लगभग 150 करोड़ है और बाकी लोग अपनी-अपनी भाषाओं का इस्तेमाल करते हैं। उल्लेखनीय है कि भारत में कोई राष्ट्रीय भाषा घोषित नहीं है। हिंदी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है और संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल 22 भाषाओं में से एक है। 2011 की जनगणना के अनुसार, करीब 52.83 करोड़ लोगों ने हिंदी को अपनी मातृभाषा बताया था।
इंटरव्यू में पुतिन ने रूस की धार्मिक विविधता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रूस चार पारंपरिक धर्मों — बौद्ध धर्म, यहूदी धर्म, इस्लाम और ऑर्थोडॉक्स ईसाई धर्म — को मान्यता देता है और इनके मानने वाले लोग साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग धर्मों के बावजूद इनके मानने वालों के बीच कुछ बुनियादी मूल्य समान हैं और रूस ऐसा माहौल उपलब्ध कराता है जहां इन मूल्यों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
बातचीत के दौरान पुतिन ने यूक्रेन युद्ध पर भी टिप्पणी की। उन्होंने यूक्रेनी सैनिकों से रूसी पक्ष में आने की अपील की। पुतिन ने कहा कि वह यूक्रेनी सैनिकों से आत्मसमर्पण करने के लिए नहीं कहना चाहते, क्योंकि इससे उन्हें अपमानित महसूस हो सकता है। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी सैनिक लड़ रहे हैं और लगातार मुकाबला कर रहे हैं, और वह चाहते हैं कि वे रूस की तरफ आ जाएं, क्योंकि उनके अनुसार यह साझा पक्ष और इतिहास का सही पक्ष है। इंटरव्यू लेने वाले एमिर कुस्टुरिका ने 'आवर बैपटिज्म: द पैट्रिआर्क' नाम की डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन किया है, जो रूस की ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्रभाव, देश की शासन व्यवस्था, पारंपरिक मूल्यों और राष्ट्रीय पहचान से उसके संबंधों को दिखाती है।