लखनऊ। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के वाराणसी जोन में बकाया वेतन और एरियर के नाम पर करीब 100 वाउचर से ₹4.70 करोड़ का संदिग्ध भुगतान सामने आया है। एजी ऑडिट में आपत्तियां दर्ज होने के बाद पीडब्ल्यूडी मुख्यालय से रिपोर्ट तलब की गई है। कई भुगतान ऐसे कर्मचारियों के नाम पर हुए हैं, जिनकी नियुक्ति, सेवा पुस्तिका और वेतन बिल से सत्यापन नहीं हो सका है। कुछ कर्मचारियों के नाम पर दो से चार बार भुगतान किए जाने की आशंका है। मामले में सिंचाई विभाग जैसे घोटाले की आशंका जताई जा रही है।
वाराणसी जोन के चीफ इंजिनियर को 18 नवंबर को भेजे गए पत्र में सबसे अधिक सवाल निर्माण खंड (भवन) के भुगतान पर उठे हैं। निर्माण खंड-01 और प्रांतीय खंड में हुए कई भुगतान भी सवालों के घेरे में हैं। चीफ इंजिनियर सुरेंद्र कुमार ने मामले की जांच के लिए अधीक्षण अभियंता प्रवीण की अध्यक्षता में कमिटी बनाई है।
ऑडिट आपत्तियों के अनुसार, निर्माण खंड (भवन) में 37 वाउचर से ₹2.13 करोड़ का भुगतान हुआ, जबकि 23 वाउचर के ₹1.38 करोड़ के भुगतान में दो या अधिक बार भुगतान की आशंका है। 17 वाउचर से कुल ₹59,97,082 का भुगतान हुआ, जिसमें तीन कर्मचारियों को तीन बार और पांच को दो-दो बार भुगतान किया गया। प्रांतीय खंड में 34 वाउचर से ₹1,41,92,615 का भुगतान हुआ, जिनमें 26 वाउचर के ₹1,27,14,759 के भुगतान पर सवाल उठे हैं।
मेट फूलचंद सिंह के नाम पर चार अलग-अलग वाउचर से भुगतान दर्ज है। 14 जनवरी 2026 को ₹6.31 लाख, 25 मई को ₹5.20 लाख, 27 जुलाई को ₹5.20 लाख और 27 अगस्त को ₹6.48 लाख दिए गए। 25 मई और 27 जुलाई के वाउचर में ₹5,20,479 की समान राशि दर्ज है। मजीद के नाम पर तीन वाउचर से ₹17,08,492 का भुगतान दर्ज है, जिसमें किसी वाउचर में उनका पदनाम मेट तो किसी में स्वीपर दर्ज है।
