जयपुर: राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने फर्जी मेडिकल डिग्रियां बनाकर उन्हें विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड करने और उनके आधार पर मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण कराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। अधिकारियों के अनुसार मामले में गिरोह के तीन कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि गिरोह पिछली तारीखों की एमबीबीएस, एमडी और अन्य मेडिकल डिग्रियां लाखों रुपये में उपलब्ध कराता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी सत्यजीत पाणिग्रही, मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी मनीष मांझी और उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी खुर्रम तौफीक के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि पाणिग्रही सोशल मीडिया के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था, मांझी फर्जी दस्तावेज तैयार करवाता था और तौफीक उन्हें विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड करता था।
अधिकारियों के मुताबिक, मामले में पूर्व में गिरफ्तार किए गए रामकिशोर महावर से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों का पता चला। महावर ने कथित तौर पर फर्जी एमबीबीएस और एमडी (स्त्री रोग) की डिग्रियों के आधार पर दिल्ली मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण कराया था और जून 2025 से सफदरजंग अस्पताल में संविदा पर जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम किया था। अधिकारियों ने बताया कि महावर केवल 11वीं कक्षा तक पढ़ा है और उसने फर्जी डिप्लोमा के आधार पर विभिन्न अस्पतालों में सोनोग्राफी भी की।
यह मामला अक्टूबर 2024 में राजस्थान मेडिकल काउंसिल की शिकायत पर जयपुर के अशोक नगर थाने में दर्ज किया गया था, जिसके बाद जांच एसओजी को सौंप दी गई। बंसल ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और फर्जी डिग्रियों के आधार पर पंजीकरण कराने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।
