पटना। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) में एक बार फिर टूट की आशंका जताई जा रही है। पार्टी के सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने बढ़ती आबादी का हवाला देते हुए संसदीय क्षेत्रों के परिसीमन को जरूरी बताया है, जबकि राज्यसभा सांसद मनोज झा ने प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का विरोध किया है।

गयाजी में पत्रकारों से बातचीत में सुरेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि बढ़ती आबादी और विकास के बढ़ते दबाव को देखते हुए परिसीमन अभी होना चाहिए। उनका मानना है कि लोकसभा की सीटें बढ़ने से जनता और जनप्रतिनिधियों दोनों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया में आबादी बढ़ी है, जिससे विकास और क्षेत्रफल के हिसाब से सरकार पर दबाव बढ़ा है। आबादी के अनुपात में परिसीमन होना जरूरी है।

यादव ने कहा कि अगर परिसीमन की तैयारी अभी से नहीं होगी तो आगे परेशानी हो सकती है। उनके अनुसार इससे जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र में काम करने का अधिक अवसर मिलेगा और जनता को विकास का ज्यादा लाभ मिल सकेगा।

दूसरी ओर, आरजेडी के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का विरोध किया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि यह कवायद केवल सीटों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में राजनीतिक मकसद से फेरबदल किए जाने की आशंका है, जैसा उन्होंने असम के संदर्भ में उल्लेख किया।