बुलंदशहर जिले के औरंगाबाद नगर की मूल निवासी सबा हैदर ने अमेरिका के इलिनोइस राज्य के 84वें डिस्ट्रिक्ट से स्टेट रिप्रेजेंटेटिव का चुनाव जीत लिया है। उन्हें 71 फीसदी वोट मिले और उन्होंने अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी ब्रायन स्कोपा को बड़े अंतर से हराया। सबा हैदर पिछले लगभग 20 वर्षों से अपने परिवार के साथ इलिनोइस में रह रही हैं और इससे पहले काउंटी बोर्ड की सदस्य के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए सबा हैदर को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने सबा हैदर के कार्यों की सराहना करते हुए मानव कल्याण और समाज सेवा के लिए समर्पित उनके कामों की निरंतरता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस बधाई के बाद सबा हैदर एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। उनके पैतृक कस्बे औरंगाबाद में इस उपलब्धि से खुशी और गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके कस्बे की बेटी ने अमेरिका की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई है और यह क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। लोगों के मुताबिक, सबा हैदर की यह जीत दिखाती है कि प्रतिभा, मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है।
